विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि इस्लामी क्रांति के सरंक्षक बल सिपाहे पासदारान (आईआरजीसी) की क़ुद्स ब्रिगेड के कमांडर जनरल क़ासिम सुलैमानी की शहादत से केवल आतंकवादी गुट दाइश ने लाभ उठाया। विदेशमंत्री ने कहा कि आतंकवादियों के प्रथम नंबर के दुश्मन को सबसे बड़े आतंकवादी ने कायरतापूर्ण तरीक़े से शहीद कर दिया। उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा कि इस समय क्षेत्र में भव्य पैमाने पर उनकी बर्सी मनाई जा रही है और जनरल कासिम सुलैमानी की शहादत से केवल आतंकवादी गुट दाइश को लाभ पहुंचा और उस समय से उसने अपनी गतिविधियों में वृद्धि कर दी है।
ज्ञात रहे कि पिछले वर्ष 3 जनवरी को भोर में बगदाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप अमेरिका के आतंकवादी सैनिकों ने ड्रोन से हमला करके जनरल क़ासिम सुलैमानी और इराक़ के स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी के डिप्टी कमांडर अबू मेहदी अलमोहन्दिस को शहीद कर दिया था। अमेरिकी सैनिकों के इस आतंकवादी हमले में जनरल क़ासिम सुलैमानी के अलावा आठ दूसरे व्यक्ति भी शहीद हुए थे।